Icon to view photos in full screen

“मुझमें किसी चीज़ की कोई कमी नहीं है। मैं हमेशा से दूसरे विकलांग लोगों की मदद करना चाहता था।”

जब हमने मोहम्मद रईस (27) से बात की, तो वे मलप्पुरम में एक दोस्ताना फुटबॉल मैच का आयोजन पूरा कर चुके थे। केरल के इस खुशमिजाज युवक ने कहा, “यह एक समावेशी खेल था जिसमें विकलांग और गैर-विकलांग, दोनों तरह के खिलाड़ी शामिल थे।” उन्होंने शानदार या बेहतरीन चीज़ के लिए मलयाली लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले शब्द “आदि-पोली!” का भी इस्तेमाल किया।
 
रईस, जो बौनेपन से पीड़ित हैं, रोज़ाना आयोजन का काम करते हैं। पिछले दो सालों से वे ज़िला प्रशासन की विकलांगता पहल ‘ओप्पम मलप्पुरम’ के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर हैं। इस पहल को तत्कालीन ज़िला कलेक्टर वी.आर. विनोद ने शुरू किया था और अब मौजूदा ज़िला कलेक्टर विनय गोयल इसका नेतृत्व कर रहे हैं। ‘ओप्पम’ का अर्थ है ‘साथ-साथ’; यह पहल अलग-अलग तरह की विकलांगता वाले लोगों को एक मंच पर लाती है। कोडुर सर्विस कोऑपरेटिव बैंक के सहयोग से शुरू की गई इस योजना के तहत विकलांगता के साथ जी रहे लोगों (PwD) के लिए सार्वजनिक सेवा प्ररीक्षा(पब्लिक सर्विस एग्जामिनेशन - PSC) की कोचिंग क्लास भी चलाई जाती हैं।
 
रईस बड़े उत्साह के साथ 'ओप्पम' के दूसरे प्रोजेक्ट्स के बारे में बताने लगते हैं और हमें उन्हें रोककर उनसे उनकी निजी जानकारी पूछनी पड़ती है! वे परप्पनगडी शहर में रहते हैं और छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर हैं; उनके पिता की स्टेशनरी की दुकान है और माँ गृहिणी हैं; उनके बड़े भाई ड्राइवर हैं, एक बहन शादीशुदा है और उसके बच्चे हैं, और तीन छोटे भाई-बहन स्कूल जाते हैं। एलकेजी से 10वीं क्लास तक बिना सरकारी मदद वाले स्कूल में पढ़ने के बाद, उन्होंने एचएमएस हायर सेकेंडरी स्कूल से प्लस-2 किया और पास के तिरुरंगडी से बी.कॉम. किया। वे पांडिचेरी यूनिवर्सिटी से डिस्टेंस एजुकेशन के ज़रिए एम.कॉम. कर रहे हैं।
 
हमने रईस से पूछा कि क्या बचपन में छोटे कद की वजह से उनका मज़ाक उड़ाया जाता था। वे कहते हैं, "बचपन में मुझे पता नहीं चलता था कि लोग क्या कह रहे हैं, लेकिन जैसे-जैसे मैं बड़ा हुआ, मैं उनके मज़ाक उड़ाने वाली बातों को समझने लगा।" "लेकिन मैंने उन बातों पर ध्यान नहीं दिया और अपनी ज़िंदगी में आगे बढ़ता रहा। हो सकता है कि मैं अपने आस-पास के लोगों से कद में छोटा हूँ, लेकिन मेरी सभी शारीरिक और मानसिक क्षमताएं ठीक हैं। मुझमें किस चीज़ की कमी है?" और एक चीज़ की उनमें बिल्कुल भी कमी नहीं है, और वह है दोस्ती! वे कहते हैं, "प्लस-2 में मेरे साथ पढ़ने वाले लड़के-लड़कियों में से कई मेरे दोस्त हैं और हम अक्सर एक-दूसरे के संपर्क में रहते हैं।" "पीएससी-कोचिंग के छात्र भी मेरे दोस्त बन गए हैं।"
 
10 इंटर्न का एक ग्रुप तीन महीने के पीएससी कोचिंग प्रोग्राम में शनिवार और रविवार को क्लास अटेंड करता है और हर नए ग्रुप के साथ रईस को नए दोस्त मिलते हैं। वे कहते हैं, "हमारे पास ऐसे लोग आए हैं जो देख नहीं सकते, सुन नहीं सकते, जिन्हें बौद्धिक अक्षमता (ID) है या जो बौनेपन से जूझ रहे हैं।" त्रिशूर के एक ऐसे छात्र को भी शामिल किया गया था जो सुन नहीं सकता था, क्योंकि उस जिले में या राज्य के किसी भी दूसरे जिले में ऐसा कोई प्रोग्राम नहीं था। रईस याद करते हैं, "हमने उसके लिए एक इंटरप्रेटर रखा था, और वह सीख पाने की खुशी से बहुत खुश थी।" वे गर्व से बताते हैं कि चार छात्र पीएससी जॉब लिस्ट में हैं और ID वाले एक व्यक्ति को ऑफिस अटेंडर के तौर पर सरकारी नौकरी भी मिल गई है।
 
रईस कहते हैं कि पैसे के पीछे भागने वाले ज़्यादातर लोगों के उलट, वे हमेशा दूसरों की, खासकर विकलांगता के साथ जी रहे व्यक्तियों (PwDs) की मदद करना चाहते थे। इसलिए उनका काम "बहुत बढ़िया" (आदि-पोली) है क्योंकि इससे उन्हें बहुत संतुष्टि मिलती है। वे आगे दूसरे 'ओप्पम' प्रोजेक्ट – 'एक्सेस कैफ़े' के बारे में बताते हैं, जिसे व्हीलचेयर इस्तेमाल करने वाले लोग चलाते हैं। ऐसे दो कैफ़े मलप्पुरम कलेक्ट्रेट और आरटीओ ऑफिस में खुले हैं। वे कहते हैं, "हमारा लक्ष्य 50 एक्सेस कैफ़े खोलने का है।" "तीसरा प्रोजेक्ट व्हीलचेयर इस्तेमाल करने वालों को प्रोडक्ट मार्केटिंग की ट्रेनिंग देना है – उन्हें चार दिन की कोचिंग दी जाती है कि विकलांगों द्वारा बनाए गए प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग कैसे की जाए।"
 
“समाज क्या सोचता है, इसकी परवाह किए बिना सिर उठाकर और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें,” यह उनका अपने जैसे विकलांग साथियों के लिए संदेश है। “अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाएं, जिस क्षेत्र में आप आगे बढ़ना चाहते हैं उसे चुनें और चुनौतियों का सामना मुस्कुराते हुए करें। किसी भी चीज़ को अपनी काबिलियत पर असर न डालने दें।” वे समाज से अपील करते हैं कि वे विकलांगों की कमियाँ न देखें, बल्कि उनकी असीम क्षमताओं को पहचानें और उन्हें प्रोत्साहित करें। वे कहते हैं, “जब हममें से हर कोई अपना व्यवहार और नज़रिया बदलेगा, तभी सही मायने में सबको साथ लेकर चलने वाला समाज बन पाएगा।” “किसी को भी पीछे न छोड़ते हुए, आइए एक बेहतर कल बनाने के लिए मिलकर काम करें।”
 
हालाँकि रईस की नौकरी ऐसी है जिसमें उन्हें हमेशा भाग-दौड़ करनी पड़ती है, लेकिन उनके पैर फुटबॉल खेलने में भी चलते हैं। वे 'द लिटिल पीपल' टीम का हिस्सा हैं; यह टीम विकलांगों के लिए काम करने वाले एनजीओ 'धरसना क्लब' के तहत बनी है और इसमें बौनेपन से प्रभावित लोगों की राज्य और राष्ट्रीय स्तर की टीमें शामिल हैं। जब भी सामाजिक या सार्वजनिक कार्यक्रमों में मौका मिलता है, तो वे गाना भी गाते हैं।
 
रईस अभी शादी के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उनकी ज़िंदगी पहले से ही सार्थक कामों और अच्छी दोस्ती से भरी-पूरी है – संक्षेप में कहें तो, यह "ज़बरदस्त यानि आदि-पोली" है।


तस्वीरें:

विक्की रॉय